
पटना। पटना के पारस एचएमआरआई अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में घुसकर पैरोल पर आए गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या मामले में बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार रात बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल में हत्याकांड में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारियां शेरू सिंह गिरोह से जुड़े शूटर्स की हुई हैं। इस घटना में और भी अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। देर रात तक पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।



गिरफ्तार आरोपियों से पश्चिम बंगाल में पूछताछ की जा रही है, कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें पटना लाया जाएगा। कुछ और आरोपियों के ठिकानों की जानकारी मिली है, वहां छापेमारी की जा रही है। इस घटना में सबसे पहले तौसीफ रजा उर्फ बादशाह का नाम सामने आया था। इसके बाद बक्सर पुलिस ने बक्सर के मोनू सिंह के नाम की पुष्टि की। इनके अलावा बलवंत, नीलेश, सूर्यभान, अभिषेक, निशु समेत दस आरोपियों के नाम सामने आए।
पुरुलिया जेल में बंद शेरू से पुलिस ने की पूछताछ : पारस अस्पताल में घुसकर गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या मामले में बिहार से लेकर बंगाल का जेल कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में शुक्रवार को बंगाल के पुरूलिया जेल में बंद कुख्यात शेरू सिंह से भी पूछताछ की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेरू ने हत्याकांड की साजिश बिहार की जेल में बंद उसके ही गिरोह के सदस्य के द्वारा रचे जाने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस उसकी जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जेल में बंद शेरू के उस शार्गिद से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
शेरू सिंह का वास्तविक नाम ओंकारनाथ सिंह है। वर्ष 2011 में सात से आठ हत्याकांड में चंदन और शेरू का नाम आया था। पिछले दिनों आरा में हुई तनिष्क लूट कांड में भी शेरू का नाम आया था। उसकी गिरफ्तारी नेपाल से हुई थी और फिलहाल वह बंगाल के पुरूलिया जेल में बंद है।

