
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गरीब परिवारों को होली एवं दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर देने की घोषणा की है। दिल्ली में राशन कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली एवं दीवाली के मौके पर इनके बैंक खाते में एक सिलेंडर गैस की कीमत 853 रुपये भेजी जाएगी। पीएनजी कनेक्शन होने पर भी यह लाभ मिलेगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कैबिनेट ने इसके लिए 242.77 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगाई से राहत देने की दिशा में एक अहम और जनकल्याणकारी निर्णय लिया है।



मंत्रिमंडल ने उस योजना को मंजूरी दे दी है, जिसके अंतर्गत वर्ष 2026 से दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रतिवर्ष दो एलपीजी सिलेंडर के बराबर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह योजना दिल्ली सरकार की लक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह कल्याण नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की निर्धारित राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से परिवार के मुखिया के आधार-सीडेड बैंक खाते में भेजी जाएगी। दिल्ली सरकार के अनुसार वर्तमान में एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये प्रति सिलेंडर है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को केंद्र सरकार की 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी को समायोजित करने के बाद 553 रुपये प्रति सिलेंडर की सहायता दी जाएगी। वहीं गैर-उज्ज्वला राशन कार्ड धारक परिवारों को 853 रुपये प्रति सिलेंडर की सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि त्योहारों के समय गरिमा और राहत सुनिश्चित करने का माध्यम है।
फ्री गैस सिलेंडर पर निभाया वादा : भाजपा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने जो वादे किए थे, दिल्ली सरकार उसे पूरा कर रही है। अब होली और दीवाली पर दिल्ली में मुफ्त गैस सिलेंडर के लिए 242 करोड़ का फंड स्वीकृत किया गया है। इससे दिल्ली में त्यौहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी चुनाव घोषणा थी फ्री गैस सिलेंडर होली दिवाली पर देने की थी। रेखा गुप्ता सरकार ने हर राशनकार्ड धारक के बैंक खाते में 853 रुपए डालने की घोषणा की है ताकि उपभोक्ता अपनी सुविधानुसार थोड़ा आगे पीछे भी गैस सिलेंडर फ्री पा सकेंगे।

