रांची। राजधानी रांची सहित राज्य के सात जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे शनिवार को रांची समेत गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कुहासे में कुछ कमी आई।

मौसम विभाग ने राज्य के मध्यवर्ती नौ जिलों में रविवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में रविवार को घना कोहरा पड़ने की संभावना है, उनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को इन जिलों के अलावा राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में भी घना कोहरा छा सकता है। वहीं सोमवार (22 दिसंबर) को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार के साथ-साथ उत्तर-मध्य भागों में हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा देखे जाने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

शनिवार को घने कोहरे और बादलों के कारण दिनभर कड़ाके की ठंड और कनकनी का एहसास हुआ। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। दोपहर में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड का असर बना रहा।

राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिले भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। डालटेनगंज में अधिकतम तापमान गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम है। चाईबासा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास है। इसके कारण लोगों को दिन में भी ठंड का अहसास हो रहा है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 27 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 25.5 और न्यूनतम 13.4 डिग्री, डालटेनगंज में 15.7 और 10.7 डिग्री, बोकारो में 21.1 और 11.1 डिग्री दर्ज किया गया।

इसी तरह चाईबासा में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 11.0 डिग्री, खूंटी में 23.5 और 9.6 डिग्री, लोहरदगा में 21.0 और न्यूनतम 7.7 डिग्री, लातेहार में 18.5 और 8.7 डिग्री तथा सरायकेला में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version