
नयी दिल्ली। गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में घोषणा की है कि गूगल आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम शहर में एक एआई हब के निर्माण के लिए 15 बिलियन डॉलर (लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपए) का निवेश करेगा।



पिचाई ने कहा कि मुझे याद है कि यह संभावनाओं से भरा एक शांत और साधारण तटीय शहर है। अब, गूगल भारत में हमारे 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर के बुनियादी ढाँचे के निवेश के के रूप में वहां एक पूरी क्षमता वाला एआई हब स्थापित कर रहा है।
गूगल सीईओ ने कहा कि जब यह बनकर तैयार हो जाएगा, तो इस हब में गीगावाट-स्केल की कंप्यूटिंग और एक नया अंतरराष्ट्रीय सब-सी केबल गेटवे (समुद्र के नीचे बिछी केबल) होगा, जो पूरे भारत के लोगों और व्यवसायों के लिए नौकरियां और अत्याधुनिक एआई लाएगा।
पिचाई ने कहा कि वह भारत में बदलाव की गति से प्रभावित’हैं। साथ ही उन्होंने वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में देश की बढ़ती भूमिका की भी सराहना की। तमिलनाडु में चेन्नई के रहने वाले श्री पिचाई ने याद किया कि कैसे उनके पिता रेगुनाथा पिचाई ने उनसे कहा था कि वह तब ज्यादा प्रभावित होंगे, जब बिना चालकों की कारें भारत की व्यस्त सड़कों पर चल सकेंगी। उन्होंने पिछले साल एआई आधारित पूवार्नुमान लाखों किसानों को भेजने के लिए भारत सरकार की प्रशंसा की और कहा कि यह आंशिक रूप से उनके न्यूरल-जीसीएम मॉडल द्वारा संभव हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि न्यूरल-जीसीएम उन्नत मौसम पूर्वानुमान मॉडल है, जो पारंपरिक मौसम मॉडल और मशीन लर्निंग को मिलाकर मौसम की भविष्यवाणी करता है।

