
नई दिल्ली।दिल्ली की सियासत में एक बार फिर हलचल मच गई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्हें 15 करोड़ रुपए का रिश्वत ऑफर दिया गया था। इस मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर एंटी करप्शन ब्रांच की टीम जांच के लिए भेजी गई है। आप नेताओं अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और मुकेश अहलावत के घर ACB की टीम पहुंची है। जानकारी के अनुसार, केजरीवाल के घर एसीबी की टीम बिना पूर्व नोटिस के पहुंची और उनकी लीगल टीम से बैठकर पूछताछ कर रही है। संजय सिंह का बयान एसीबी दफ्तर में रिकॉर्ड किया जा रहा है।



आप लीगल सेल के प्रमुख संजीव नसियार ने बताया कि एसीबी के पास किसी प्रकार का नोटिस नहीं है और वे फोन पर लगातार किसी से बात कर रहे थे। इस मामले में उपराज्यपाल ने गहरी जांच के आदेश दिए हैं ताकि सच सामने आ सके।
बीजेपी नेता की जांच की मांग
दिल्ली बीजेपी के महासचिव विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल से पत्र लिखकर मांग की थी कि आप नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जाए, जिन पर 15 करोड़ रुपये की रिश्वत देने का आरोप लगाया गया था।
आप ने क्या आरोप लगाया था?
संजय सिंह ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे खुद एसीबी दफ्तर जा रहे हैं और शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने एक ऑपरेशन लोटस शुरू किया है, जिसमें उनके 7 विधायकों को 15 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था। संजय सिंह ने कहा कि इसके बारे में उन्होंने सबूत भी साझा किए हैं और अगर एसीबी कार्रवाई करती है, तो वे और भी जानकारी देंगे।
इसके अलावा आप सांसद ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि BJP ने सरेआम पैसे, जूते, चप्पल और साड़ियां बांटी। लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। मतदान वाले दिन रास्ते रोके गए, जंगपुरा में पैसे बांटे गए, लेकिन इसके बावजूद चुनाव आयोग ने किसी एक छोटे अधिकारी पर भी एक्शन नहीं लिया।
ऑपरेशन लोटस का आरोप
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने दिल्ली में अपना ऑपरेशन लोटस शुरू कर दिया है, जिसमें पार्टी के विधायकों को अपनी पार्टी छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने के लिए रिश्वत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे और भी नाम और सबूत सार्वजनिक करेंगे।
इससे पहले AAP के सभी 70 कैंडिडेट्स के साथ केजरीवाल ने की अहम बैठक
एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि भारतीय जनता पार्टी उनके उम्मीदवारों को खरीदने के लिए संपर्क कर रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 5 फिरोजशाह रोड स्थित अपने आवास पर सभी उम्मीदवारों को बुलाकर बैठक की। बैठक के बाद उम्मीदवारों ने बताया कि केजरीवाल ने उनसे कहा है कि एग्जिट पोल के नतीजे पर ध्यान ना दें यह एग्जिट पोल नहीं बीजेपी का फिक्सिट पोल है। दिल्ली में 50 से अधिक सीटों के साथ आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है। केजरीवाल ने सभी विधायकों को एकजुट रहने को कहा है।
AAP का दावा- चुनाव में 50 सीटें जीतेंगे
आम आदमी पार्टी से उम्मीदवार अखिलेश पति त्रिपाठी ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को धन्यवाद कहने को कहा। फिर से दिल्ली के लोगों ने काम की राजनीति को पसंद किया है। इस बार फिर से 50 से अधिक सीटों से आम आदमी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनने जा रही है।
14 एग्जिट पोल में दावा- इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार
दिल्ली चुनाव पर 14 एग्जिट पोल आ चुके हैं। इनमें 12 ने भाजपा को बहुमत दिखाया है। वहीं 2 में कहा गया है कि AAP की सरकार आ सकती है। एक्सिस माई इंडिया पोल के मुताबिक, भाजपा दिल्ली की 70 सीटों में से 45 से 55 सीटें जीत सकती है, जबकि सीएनएक्स का अनुमान इससे भी ज्यादा है, जो भाजपा को 49 से 61 सीटें दे रहा है। सभी के ऐवरेज यानी पोल ऑफ पॉल्स में भाजपा को 41, AAP को 28 और कांग्रेस को 1 सीट मिलने का अनुमान है।

