
रांची। हजारीबाग के बहुचर्चित वन भूमि घोटाले की नामजद आरोपी स्निग्धा सिंह फरार हैं। उनकी तलाश में एसीबी के अधिकारियों की एक टीम रविवार को लखीसराय पहुंची थी। स्निग्धा सिंह नेक्सजेन आॅटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह की पत्नी हैं और वन भूमि घोटाला केस में एसीबी थाना हजारीबाग में दर्ज नामजद आरोपित हैं।
विनय सिंह उक्त केस में गिरफ्तार हैं और वर्तमान में हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में बंद हैं। विनय सिंह निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के सहयोगी हैं जिनपर विनय कुमार चौबे के काले धन के निवेश का भी आरोप हैं। उनके एक भाई बिहार में एमएलसी हैं।
एसीबी रांची में दर्ज शराब घोटाला केस में भी निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के साथ-साथ विनय सिंह भी आरोपित हैं। विनय सिंह के प्रत्येक अपराध में एसीबी ने उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को भी बराबर का आरोपित माना है।
एसीबी हजारीबाग व एसीबी रांची के अधिकारियों की एक टीम रविवार की सुबह स्निग्धा सिंह की तलाश में विनय सिंह के पैतृक गांव बिहार के लखीसराय जिले के नयासराय स्थित उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। उनका कुछ पता नहीं चल सका है
