
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनी निम्न दबाव प्रणाली चक्रवाती तूफान रेमल में तब्दील हो गई है और इसके रविवार आधी रात को पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप तथा बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच समुद्र तट से टकराने की आशंका है। तूफान को लेकर कोलकाता हवाई अड्डे से रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है तथा एनडीआरएफ को अलर्ट मोड में रखा गया है। इस मानसून पूर्व सीजन में बंगाल की खाड़ी में यह पहला चक्रवाती तूफान है।



भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार शाम 7:50 बजे जारी ताजा जानकारी के मुताबिक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव चक्रवाती तूफान रेमल में तब्दील हो गया और खेपुपारा से लगभग 360 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप से 350 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित है।
तूफान के रविवार सुबह तक और तीव्र होकर भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है और इसके 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा की गति के साथ रविवार मध्यरात्रि को सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के आसपास के समुद्री तटों को पार करने की उम्मीद है।
झारखंड में चक्रवाती तूफान रेमल का होगा असर राज्य के कई स्थानों में रविवार से 31 मई तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 से 28 मई तक राज्य के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसका असर देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिलों में देखने को मिलेगा।इस दौरान गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने के साथ वज्रपात संभव है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।
31 मई तक राज्य के पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसका असर गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार जिले में देखने को मिलेगा। कई जिलों में 31 मई तक बारिश होती रहेगी।
बंगाल की खाड़ी में उठा रेमल चक्रवाती तूफान प्रभाव अप्रत्यक्ष रूप से बिहार पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रेमल तूफान के प्रभाव से सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा के साथ ही उत्तर बिहार में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिण बिहार में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस वजह से लोगों को कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलेगी।

