
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार से झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा गई एक बारात में उस समय अफरातफरी मच गई, जब शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही दूल्हा अचानक रास्ते से गायब हो गया। दूल्हे के दरवाजे पर नहीं पहुंचने से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया। इस दौरान बारातियों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। घटना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस वर पक्ष के लोगों को अपने साथ थाने ले गई। कहा जा रहा है कि जब शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही दूल्हा रास्ते में दुल्हन की कथित गलत तस्वीर देखकर दूसरी दिशा में निकल गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुकटिया बाजार निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव बालेश्वर शर्मा अपने पुत्र विश्वजीत शर्मा की शादी के लिए करीब 90 बारातियों के साथ निजी वाहनों से महगामा पहुंचे थे। विश्वजीत शर्मा कनीय अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शादी महगामा निवासी शिक्षक विंदेश्वरी शर्मा की पुत्री के साथ तय हुई थी। निर्धारित समय पर बारात लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंच चुकी थी, लेकिन दूल्हे की गाड़ी कुछ पीछे रह गई थी।बताया जाता है कि रास्ते में दूल्हे की गाड़ी को रोककर कुछ लोगों ने उसे लड़की की कथित तौर पर गलत तस्वीर दिखा दी। तस्वीर देखने के बाद दूल्हा दरवाजे पर जाने के बजाय अपनी गाड़ी लेकर दूसरी दिशा में निकल गया। काफी देर तक दूल्हे के नहीं पहुंचने पर लड़की पक्ष के लोगों को संदेह हुआ और देखते ही देखते खुशी का माहौल तनावपूर्ण हो गया।दूल्हे के अचानक गायब होने से आक्रोशित लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों को रोक लिया और उन्हें बंधक बना लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।घटना की सूचना मिलने पर महगामा की स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस वर के पिता बालेश्वर शर्मा सहित वर पक्ष के अन्य लोगों को अपने साथ थाने ले गई। समाचार लिखे जाने तक वर पक्ष के लोग थाने में ही थे। वहीं, बंधक बनाए गए सुकटिया बाजार के सरपंच देवन हरिजन ने बताया कि काफी आरजू-मिन्नत करने के बाद उन लोगों को मुक्त किया गया।इधर, बिहार-झारखंड से जुड़े इस हाई-वोल्टेज विवाह विवाद की खबर सुकटिया बाजार पहुंचते ही पूरे इलाके में तरह-तरह की चचार्एं शुरू हो गई हैं कि आखिर रास्ते में दूल्हे को गलत तस्वीर दिखाने के पीछे किसका हाथ था और वह कहां चला गया। फिलहाल दूल्हे के अचानक बारात से अलग हो जाने और शादी समारोह में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।




