
पटना। इस साल आयोजित दारोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) के अध्यक्ष केएस द्विवेदी को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार को आयोग का नया अध्यक्ष बनाया गया है। गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। जितेंद्र सिंह गंगवार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक के साथ अगले आदेश तक बीपीएसएससी के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, अधिसूचना में वर्तमान अध्यक्ष केएस द्विवेदी को पदमुक्त करने का आदेश जारी किया गया है। केएस द्विवेदी 1984 बैच के सेवानिवृत्त आइपीएस अधिकारी हैं।




दरअसल, दारोगा भर्ती परीक्षा की जांच शुरू होने के बाद केएस द्विवेदी 15 सितंबर से 30 दिनों के अवकाश पर चले गए थे। उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी ली थी। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे। इसके बाद से करीब दो महीने तक बीपीएसएससी अध्यक्ष का पद खाली था।
सरकार ने अब आयोग की जिम्मेदारी 1993 बैच के आइपीएस अधिकारी जितेंद्र सिंह गंगवार को सौंपी है। वह फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। नए अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही आयोग के नेतृत्व को लेकर लंबे समय से बनी रिक्तता समाप्त हो गई है।
ईओयू की जांच में मिली थी अनियमितता : गौरतलब है कि दारोगा भर्ती परीक्षा की मुख्य लिखित परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने जांच की थी। जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद राज्य सरकार ने मुख्य लिखित परीक्षा रद कर दी थी। इसी प्रकरण के बाद आयोग के अध्यक्ष केएस द्विवेदी अवकाश पर चले गए थे।
