
चना दाल घोटाले में ईडी ने राजद एमएलसी सुनील सिंह से की पूछताछ,
पटना। चना दाल गबन और कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह से दिनभर पूछताछ की। लगातार दो समन पर उपस्थित नहीं होने के बाद तीसरे समन पर वह अपने वकील के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे। जांच एजेंसी ने उनसे करीब 50 से 60 लाख रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी और इससे जुड़े लेन-देन के बारे में सवाल किए।



यह मामला उस समय का है, जब सुनील सिंह बिस्कोमान के अध्यक्ष थे। आरोप है कि रियायती दर पर भारत चना दाल उपलब्ध कराने का भरोसा देकर कई लोगों से पैसे लिए गए, लेकिन भुगतान के बाद भी उन्हें दाल की आपूर्ति नहीं की गई। इस संबंध में पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच की और कथित वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की।
सितंबर 2026 में दाखिल हुई थी चार्जशीट : सितंबर 2026 में इस मामले में अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई थी। इसके बाद ईडी ने मनी लांड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। इसी सिलसिले में सुनील सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था। तीसरे समन पर वह बुधवार को ईडी कार्यालय पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान ईडी ने कथित तौर पर ली गई रकम, उसके लेन-देन और इस्तेमाल से जुड़े सवाल किए। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि चना दाल की आपूर्ति के नाम पर वसूली गई रकम कहां गई और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही है।
पत्नी और पुत्र की भूमिका भी जांच के दायरे में: सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में सुनील सिंह की पत्नी और पुत्र की भूमिका भी जांच के दायरे में है। ईडी कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

