
पटना। सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान करीब 30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। तलाशी में करोड़ों रुपये की जमीन और कई भूखंडों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। शुरूआती जांच में अफजल आलम के पास ज्ञात आय से 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है। छापेमारी के दौरान मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित मकसूदपुर में करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की 100 डिसमिल से अधिक जमीन का पता चला है। इसके अलावा अफजल आलम के नाम से जुड़े कुल 14 भूखंडों की जानकारी भी जांच टीम को मिली है।



ईओयू की टीम जमीन के दस्तावेजों, खरीद-बिक्री और संपत्ति के वास्तविक मूल्य का सत्यापन कर रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ बेनामी संपत्ति की आशंका समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा सकती है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, अफजल आलम ने अपनी ज्ञात वैध आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। उनके खिलाफ आय से अधिक 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है।
इसी आधार पर आर्थिक अपराध थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।
2021 में प्रखंड प्रमुख बनने के बाद जांच के घेरे में : अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वह बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने। आरोप है कि इस पद पर रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर भ्रष्ट तरीके से आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। ईओयू अब उनके पद संभालने के बाद अर्जित संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि संपत्ति अर्जित करने में किन लोगों या माध्यमों का इस्तेमाल किया गया।
पैतृक मकान से प्रखंड कार्यालय तक तलाशी: ईओयू की अलग-अलग टीमों ने सीतामढ़ी स्थित अफजल आलम के पैतृक और निजी मकान, बाजपट्टी प्रखंड कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित निजी आवास पर तलाशी ली। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम ने नकदी के अलावा जमीन और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। बरामद दस्तावेजों और संपत्ति के ब्योरे का मिलान उनकी घोषित आय से किया जा रहा है।

