
मुंबई । पिछले दिन की गिरावट के बाद गुरुवार के सत्र में भारतीय शेयर बाजार ने फिर से रफ्तार पकड़ते हुए शानदार उछाल के साथ कारोबार की समाप्ति की। इस दौरान दोनों प्रमुख बेंचमार्कों सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। बाजार बंद होने पर, सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत बढ़कर 25,514.30 पर पहुंच गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 83,043.87 का उच्चतम स्तर टच किया, जबकि निफ्टी 50 ने 25,514.30 का इंट्रा-डे हाई बनाया। निफ्टी 50 इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त मारुति सुजुकी के शेयरों में देखने को मिली, जिनके शेयर 7.58 प्रतिशत चढे। इसके बाद आयशर मोटर्स, एमएंडएम, टीएमपीवी, और एचयूएल का स्थान रहा, जिनमें 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। वहीं इसके विपरीत टीसीएस, टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।



इस जोरदार उछाल के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी इजाफा दर्ज किया गया। स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में चार लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़ कर 512.01 लाख करोड़ रुपये हो गया। जबकि बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 507.65 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.36 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.06 प्रतिशत तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.71 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी आॅटो इंडेक्स में 4.40 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल में 3.2 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी में 2.09 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.29 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं इसके विपरीत, निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.1 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, एशियाई बाजार के कमजोर संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को लेकर चिंताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में रिकवरी जारी रही। विदेशी निवेशकों के निरंतर निवेश और तांबे से लेकर कच्चे तेल तक कमोडिटी की कीमतों में नरमी से इसे समर्थन मिला। नवंबर में रिकॉर्ड विदेशी निवेश से बाजार में तरलता बढ़ी, जबकि कच्चे तेल की कम कीमतों ने भविष्य की मुद्रास्फीति और बाह्य संतुलन को लेकर चिंताओं को कम किया। विशेषज्ञों ने कहा कि आॅटोमोबाइल सेक्टर में तेजी देखी गई क्योंकि तांबे और एल्युमीनियम की गिरती कीमतों से मार्जिन आउटलुक में सुधार हुआ। वहीं, उपभोग और बैंकिंग शेयरों में भी उछाल आया और बैंकिंग सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। यह रुझान घरेलू मांग से प्रेरित क्षेत्रों की ओर निवेशकों की प्राथमिकता में बदलाव को दशार्ता है, जबकि अमेरिकी ब्याज दरों में वृद्धि की उम्मीदों के कारण आईटी सेक्टर पर दबाव बना रहा।

