
सिमडेगा। विधायक भूषण बाड़ा के विरुद्ध नाबालिग द्वारा दर्ज कराए गए दुष्कर्म के आरोप से जुड़े चर्चित प्रकरण में सिमडेगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व कांग्रेस नेता दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर चर्चा में रहे दिलीप तिर्की की गिरफ्तारी को पुलिस की एक बेहद अहम कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और संभावित कड़ियों को खंगालने में जुटी है।



सिमडेगा की एक नाबालिग ने विधायक भूषण बाड़ा के विरुद्ध दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस घटनाक्रम के बाद किशोरी के दादा ने दिलीप तिर्की के खिलाफ अपनी नाबालिग पोती के अपहरण का गंभीर आरोप लगाया था. इस शिकायत के आधार पर पाकरटांड़ थाना में कांड संख्या 25/2026 दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस अपहरण से संबंधित धाराओं के तहत मामले का अनुसंधान कर रही थी।
अपहरण के अलावा दिलीप तिर्की के खिलाफ रेंगारीह थाना में भी एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रेंगारीह थाना कांड संख्या 12/2026 के तहत पहचान के दुरुपयोग से संबंधित आरोपों को लेकर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस इस केस में भी उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इस तरह दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर मामलों को लेकर पुलिस लंबे समय से दिलीप तिर्की की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
इधर, सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने दिलीप तिर्की की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरे मामले की बेहद गंभीरता और निष्पक्षता से जांच कर रही है. इस गिरफ्तारी के बाद अब जांच की दिशा और आगे की पुलिस कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों मामलों में उनकी क्या भूमिका रही है और इस पूरे प्रकरण के पीछे कौन-कौन से तथ्य छिपे हैं।

