
रांची। सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक अब बोलकर भी मरीजों के लिए दवा की पर्ची ( प्रिस्क्रिप्शन) तैयार कर सकेंगे। चिकित्सकों की सुविधा और समय की बचत के लिए वर्तमान हेल्थ मैनेजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम (एचआईएमएस) सॉफ्टवेयर में वायस-टू-स्पीच जैसी आधुनिक तकनीक लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से चिकित्सक केवल बोलकर मरीज का पर्ची तैयार कर सकेंगे। इससे मरीजों की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। इसके माध्यम से डिस्चार्ज समरी भी तैयार की जा सकेगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन की समीक्षा बैठक में रांची के रिम्स और सदर अस्पताल में तत्काल इस चालू करने का निर्देश दिया।



जल्द ही यह सुविधा इन दोनों अस्पतालों में शुरू होगी, जिसके बाद राज्य के अन्य अस्पतालों में भी इसे शुरू किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत का आकलन किया जाएगा। इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित एचआईएमएस से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा। बैठक में सभी मेडिकल कॉलेजों एवं सदर अस्पतालों में आॅनलाइन अप्वाइंटमेंट की सुविधा का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही अस्पतालों में आॅनलाइन भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए कर्मियों को प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया गया, ताकि वे मरीजों एवं उनके परिजनों को डिजिटल भुगतान के लाभ और महत्व के प्रति जागरूक कर सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए गठित होगी कमेटी : बैठक में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि एचआईएमएस में उपलब्ध आंकड़ों का डाटा एनालिटिक्स के माध्यम से विश्लेषण किया जाए। इसके आधार पर एआइ की मदद से अस्पतालों में उपलब्ध मानव संसाधन और उनकी वास्तविक आवश्यकता का आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने इसके लिए आवश्यक मानकों का निर्धारण करने के उद्देश्य से विभागीय स्तर पर समिति गठित करने का निर्देश दिया। समिति जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।
उन्होंने सभी सदर अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की प्रयोगशालाओं का डिजिटाइजेशन तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया। मेरिल एजेंसी को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अपने कर्मियों की तैनाती कर तकनीकी क्षमता संवर्धन सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, रिम्स में पीएसीएस (पिक्चर आर्काइविंग एंड कम्युनिकेशन सिस्टम) की सुविधा भी तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया गया।

