
नई दिल्ली। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सोनिया विहार में यमुना नदी पर विकसित नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना दिल्ली की पहचान, संस्कृति, धार्मिक आस्था और जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज राजधानी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। क्रूज का संचालन सोनिया विहार से जगतपुर के बीच लगभग चार से पांच किलोमीटर की दूरी पर होगा। यह दूरी करीब 40 मिनट में तय की जाएगी। एक बार में अधिकतम 35 यात्री सफर कर सकेंगे। प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपये (जीएसटी सहित) तय किया गया है। टिकट दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से बुक किए जा सकेंगे।



उन्होंने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल एक क्रूज या नौका सेवा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति हमारी आस्था, प्रेम और समर्पण से जुड़ी पहल है। इसके माध्यम से दिल्लीवासी मां यमुना के और करीब आ सकेंगे, उनके प्राकृतिक परिवेश को महसूस कर सकेंगे और नदी के साथ अपने जुड़ाव को नए रूप में अनुभव करेंगे। प्रकृति के इतने करीब आने का अवसर अब दिल्लीवासियों के लिए भी उपलब्ध हो रहा है। पहले लोग प्रयागराज या अन्य शहरों में जाकर नाव और क्रूज की सवारी का आनंद लेते थे, लेकिन अब दिल्ली में ही यह अनुभव संभव होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपने परिवार के साथ यहां आने, बच्चों को मां यमुना के दर्शन कराने और प्रकृति का आनंद लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली की सकारात्मक छवि को मजबूत करने और राजधानी के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले विकास के बजाय आरोप-प्रत्यारोप और बहानेबाजी की राजनीति होती रही। आज सरकार उन समस्याओं का समाधान कर रही है और दिल्लीवासियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है।

