
पटना। बिहार एमएलसी चुनाव वक्त बगावती रुख अख्तियार करने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं। मोकामा विधायक अनंत सिंह के लिए आज का दिन डबल ट्रबल साबित हो सकता है। अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकाडं में मिली जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होनी है। वहीं मोकामा विधायक की विधानसभा की सदस्यता यानी विधायकी पर भी आज फैसला हो सकता है।



दरअसल दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल की हवा खा चुके विधायक अनंत सिंह को पटना हाई कोर्ट से जमानत मिली हुई है। एमएलसी चुनाव के वक्त अनंत सिंह ने पटना स्नातक चुनाव में जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध किया था। उसी दौरान अनंत सिंह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में उनकी जमानत को चुनौती देने वाली याचिका दाखिल की गई थी। याचिका में अनंत सिंह की जमानत रद्द कर उन्हें दोबारा जेल भेजने की मांग की गई। इस याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के लिए मंजूर करते हुए 30 अक्टूबर की डेट मुकर्रर की थी। जिस पर आज सुनवाई होगी।
विधायकी पर आज हो सकता है फैसला : वहीं अनंत सिंह की विधान सभा सदस्यता पर भी आज फैसला हो सकता है। इस मामले पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि उन्हें जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें बताया गया था कि जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह एमएलसी चुनाव के वक्त पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। इस वजह से पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रेम कुमार ने बताया कि अनंत सिंह के मामले की समीक्षा के बाद कार्रवाई की जाएगी।बता दें, पटना स्नातक चुनाव में अनंत सिंह ने पार्टी लाइन के विरुद्ध जाकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अपना समर्थन दिया था और अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव में प्रचार किया था।

