
रांची। राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामू के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब वह रोजाना की तरह दूध देने के लिए पीको गांव स्थित डेयरी सेंटर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर गोलीबारी कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।



खलारी के डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि गुरुवार देर रात रामू दूध लेकर डेयरी केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
