
रांची। बड़गाई अंचल की 8.86 एकड़ विवादित जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कीयाचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में आज एक बार फिर सुनवाई तय की गई है। मंगलवार को मामले में आंशिक सुनवाई हुई थी, लेकिन समय की कमी के कारण विस्तृत बहस पूरी नहीं हो सकी। हाईकोर्ट के साथ-साथ आज ईडी की विशेष अदालत में भी इस मामले में अहम सुनवाई होनी है। दोनों अदालतों में होने वाली आज की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।



मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी (इन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट) की विशेष अदालत के उस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें जांच पूरी होने तक उनके खिलाफ आरोप गठन की प्रक्रिया को टालने की अर्जी खारिज कर दी गई थी। हेमंत सोरेन का तर्क है कि जब तक जांच जारी है, तब तक आरोप तय करने की प्रक्रिया को स्थगित रखा जाना चाहिए।
मंगलवार को हुई आंशिक सुनवाई के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अगली तारीख तुरंत तय कर दी। हाईकोर्ट ने इस याचिका पर विस्तृत बहस के लिए 30 सितंबर का समय निर्धारित किया है, जहां हेमंत सोरेन के वकील अपनी दलीलें पेश करेंगे।

