
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई पर हुआ। यहां बजरंगबली मंदिर के समीप झूलन पूजा के अवसर पर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदता हुआ निकल गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों को टक्कर मारने के बाद वाहन करीब 50 मीटर तक आगे गया और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे में तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायल रामचंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मंगलवार देर रात जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इधर, एक साथ पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण और अस्थायी दुकानें होने के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे मौजूद अतिक्रमण और अस्थायी दुकानों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

