
रांची। झारखंड के पूर्व महाधिवक्ता सह वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार झारखंड एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। वह ऋतु कुमार को हराकर उक्त पद पर काबिज हुए हैं। इस बार एडवोकेट एसोसिएशन का चुनाव मजेदार था और सबसे ज्यादा कांटे की टक्कर अध्यक्ष पद के लिए थी, जिसमें लगातार दो बार की अध्यक्ष ऋतु कुमार और अजीत कुमार के बीच सीधी टक्कर थी। शुरूआत में ऋतु कुमार ने बढ़त बनाई थी, लेकिन बाद में अजीत कुमार ने बढ़त बनाते हुए 84 वोट से जीत हासिल की है। अजीत कुमार को कुल 672 वोट मिले, जबकि ऋतु कुमार को कुल 588 वोट प्राप्त हुए।



इधर, उपाध्यक्ष पद पर राहुल कुमार गुप्ता, महासचिव पद पर नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर श्रेष्ठा मेहता, सहायक कोषाध्यक्ष के पद आकाशदीप, सचिव (प्रशासन) के पद पर विकास कुमार और सचिव (लाइब्रेरी) के पद पर भोलानाथ ओझा ने जीत दर्ज की है। बता दें कि 21 अगस्त को हुए मतदान में कुल 2,017 वोट पड़े थे। हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में लगातार चौथी बार महासचिव के पद पर नवीन कुमार का कब्जा रहा। सबसे ज्यादा मत हासिल कर इस पद पर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि लगातार चौथी बार वकीलों ने उनपर विश्वास जताया है। इसलिए वह सभी के हित के लिए कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता नए एवं नौजवान वकीलों को बैठने की जगह की व्यवस्था करने और सुविधा बढ़ाना प्राथमिकता होगी।
कोषाध्यक्ष बनीं श्रेष्ठा मेहता : एडवोकेट एसोसिएशन में इस बार सबसे ज्यादा मत श्रेष्ठा मेहता को मिला है। उन्होंने 1,088 वोट हासिल कर कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नलिनी झा को 487 वोट से शिकस्त दी है।

