
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी की संगठनात्मक बैठक को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नए दृष्टिकोण का मंच होती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नई संगठनात्मक टीम और पार्टी के सहयोगियों के साथ हुई बातचीत को शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद पार्टी के कामकाज को नई दिशा देने और लोगों के साथ संपर्क को और गहरा करने में अहम भूमिका निभाते हैं। पीएम मोदी एक्स पर पोस्ट किया कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं, जिनका मकसद पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को गहरा करना होता है। पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।



युवाओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर : प्रधानमंत्री की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी जेन जी आउटरीच कार्यक्रम के जरिए युवाओं के साथ अपना संवाद और जुड़ाव बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इससे एक दिन पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इसके साथ ही पार्टी के नए पदाधिकारियों की नई पारी की औपचारिक शुरूआत हुई थी।
नवीन ने दिए संगठन को मजबूत करने के निर्देश : राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में नितिन नवीन ने युवाओं के साथ ज्यादा से ज्यादा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने नेशन फर्स्ट की भावना के साथ काम करने और विचारधारा से जुड़े रहते हुए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। पदाधिकारियों को केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रियता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सार्वजनिक जीवन में संयम, अनुशासन और बेहतर आचरण बनाए रखने पर जोर दिया गया। विपक्ष के राजनीतिक हमलों का जवाब भी तथ्यों के आधार पर प्रभावी तरीके से देने की हिदायत दी गई।

