
चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से इस गीत को फिर से आयुष देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की निर्लज्जता देखिए, कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस की नेत्री सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने को कहा। हम सब टीवी पर देखते रहे। 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह गान फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया गांधी को रास नहीं आ रहा है।



अमित शाह रविवार को राजस्थान प्रवास के दौरान चित्ताैड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता सोनिया गांधी के इस कृत्य को देख रही है। वंदे मातरम का अपमान देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यदि जरा भी शर्म बाकी है तो उसे हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा और देश की जनता से इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की यह वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वीर भूमि के महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह की राष्ट्रभक्ति, धर्मभक्ति, स्वराज के प्रति लगन ने मुगलों के विजय रथ को रोक कर रख दिया था।

