
रांची। राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पथ निर्माण विभाग ने दो नए एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 820 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें करमटोली चौक से साइंस सिटी (सेंटर) तथा अरगोड़ा चौक से डिबडीह तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।



पहली परियोजना के तहत करमटोली चौक को साइंस सिटी फ्लाईओवर से जोड़ने वाला 3.216 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसमें करमटोली से चिरौंदी स्थित साइंस सिटी तक 2.7 किलोमीटर का मुख्य फ्लाईओवर और मोराबादी की ओर 0.52 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क शामिल होगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 351.14 करोड़ रुपये है, जिसमें भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, बिजली और जलापूर्ति लाइनों के स्थानांतरण का खर्च भी शामिल है।
फ्लाईओवर बनने के बाद अंतू चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही रामगढ़ और हजारीबाग से रांची आने वाले वाहनों को भी समय की बचत होगी।
दूसरी परियोजना के तहत हरमू से डिबडीह पुल तक 3.804 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके डिजाइन में कठहट मोड़ (चापूतोली) और अशोक नगर की ओर जाने वाले अलग-अलग मार्ग भी शामिल किए गए हैं। इस परियोजना को 469.62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।
दोनों एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण से राजधानी रांची में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और लोगों को तेज व सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

