
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के 40 स्टार प्रचारक एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। मंगलवार को जारी सूची में पार्टी ने संगठन और सरकार के शीर्ष नेताओं के साथ कई चर्चित चेहरों को भी जगह दी है। भाजपा का लक्ष्य स्टार प्रचारकों के जरिए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करना है।भाजपा द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में पहले स्थान पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम रखा गया है। दूसरे स्थान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और तीसरे स्थान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी को जगह मिली है। पार्टी नेतृत्व ने इन नेताओं को चुनाव प्रचार अभियान की कमान सौंपी है। बांकीपुर उपचुनाव को भाजपा प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रही है।स्टार प्रचारकों की सूची में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीशचंद्र दूबे और राजभूषण चौधरी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा और प्रमोद कुमार चंद्रवंशी भी चुनाव प्रचार करेंगे। रामकृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, केदार प्रसाद गुप्ता और लखेंद्र पासवान को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से भाजपा चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी में है। कई दिग्गज नेताओं को बनाया गया स्टार प्रचारक : सूची में विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, राधामोहन सिंह और संजय जायसवाल जैसे नेताओं के नाम भी शामिल हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, मंगल पांडेय और अश्विनी कुमार चौबे भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।




