
रांची। ओरमांझी स्थित बिहार राजद के पूर्व एमएलसी सुबोध राय के बाटलिंग प्लांट तरंगिनी लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड से मिले अवैध शराब मामले में सहायक आयुक्त उत्पाद के शो-कॉज का जवाब अब तक केवल उत्पाद दारोगा सह बाउंड अधिकारी रूपेश कुमार ने ही दिया है। जवाब देने का अल्टीमेटम आठ जुलाई तक था। इसके बावजूद अब तक बाटलिंग प्लांट संचालक सुबोध राय की तरफ से कोई जवाब आया है और न ही शराब कंपनी रेडिको खेतान लिमिटेड की ओर से ही कोई जवाब मिला है।तीनों ही जवाब आने के बाद सहायक आयुक्त उत्पाद रांची के उपायुक्त से अनुशंसा करेंगे और फिर उपायुक्त के स्तर पर उक्त बाटलिंग प्लांट के लाइसेंस को स्थाई तौर पर रद करने के बिंदु पर विचार किया जाएगा।बता दें कि, उत्पाद विभाग ने 30 जून को उक्त बाटलिंग प्लांट में छापेमारी की थी। इसके बाद उसे सील कर दिया गया था। अब उस सील को दंडाधिकारी की मौजूदगी में खोला जाना है, जिसके लिए उपायुक्त ने दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी कर दी है। बाटलिंग प्लांट तरंगिनी व शराब निमार्ता कंपनी रेडिको के प्रतिनिधि की मौजूदगी में दंडाधिकारी उक्त सील को खोलकर अंदर मौजूद स्टाक का मिलान करेंगे।




