
हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में सरकार की ओर से राशन की होम डिलिवरी शुरू की गई है। हालांकि, फिलहाल ये सुविधा सिर्फ बुजुर्गों के लिए है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसकी शुरूआत हुई है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम , 2013 के तहत अब 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों के चक्कर नहीं काटने होंगे। जिला प्रशासन अब सीधे उनके घर तक मुफ्त अनाज पहुंचाएगा। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने इस अनूठी और जनकल्याणकारी योजना का विधिवत शुभारंभ हाजीपुर सदर प्रखंड की इस्माइलपुर पंचायत के हरौली गांव से किया।वैशाली जिले की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने सबसे पहले इस्माइलपुर पंचायत के जन वितरण प्रणालीविक्रेता लालाबाबू भक्त की उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरीं और हरौली गांव के 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग लाभुकों के दरवाजे तक पहुंचीं। डीएम ने स्वयं बेदामी देवी, हाथी साहनी, सनुक साहनी, पार्वती देवी और चंदेश्वर साह सहित कई पात्र बुजुर्गों को उनके हिस्से का खाद्यान्न अपने हाथों से उपलब्ध कराया, जिसे पाकर बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने एक बेहद पारदर्शी और सुव्यवस्थित गाइडलाइन तैयार की है। हाजीपुर प्रखंड के सभी चिह्नित और 80 वर्ष से अधिक आयु के पात्र राशन कार्डधारियों को हर सप्ताह शनिवार के दिन उनके संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा अनिवार्य रूप से घर पर ही खाद्यान्न पहुंचाया जाएगा।




