
धनबाद। भाजपा सांसद ढुलू महतो ने दावा किया कि उन्हें भी गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एक जुलाई को भी उन्हें धमकी मिली थी और इससे पहले भी कई बार ऐसे कॉल आ चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने धनबाद के एसएसपी और केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत दी है।शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने बताया कि दिल्ली जाने के दौरान उन्हें फोन पर धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम भी एक विदेशी नंबर से कॉल आया। इस पूरे मामले की जानकारी पहले ही पार्टी के शीर्ष नेताओं और पुलिस अधिकारियों को दी जा चुकी है। महतो ने कहा कि वह खुद चाहते हैं कि ऐसे अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब एक सांसद और विधायक तक को धमकी मिल रही है तो राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि राज्य सरकार प्रभावी कदम उठाएगी तो केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी और अपराधी को कहीं से भी पकड़कर लाया जाएगा।उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। धनबाद को अपराध मुक्त बनाने के लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धनबाद में विकास कार्य किसी भी कीमत पर नहीं रुकेंगे और किसी को भी विकास में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, न कि बेवजह बयानबाजी। उन्होंने गयापुल-मटकुरिया, गोविंदपुर और निरसा फ्लाईओवर का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग इन परियोजनाओं का श्रेय ले रहे हैं, वे पहले अपना योगदान भी बताएं। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।




