
रांची। सदर अस्पताल, रांची में बुंडू प्रखंड के आनेडीह निवासी सुलोचना देवी की सफल सर्जरी कर ऑपरेशन के बाद 1.45 किलोग्राम (आकार 18×16 सेंटीमीटर) तिली निकाला गया। आयुष्मान योजना के तहत किए गए नि:शुल्क इलाज के तहत सदर ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की सलाह पर सर्जरी विभाग ने बीते 15 जून 2026 को लैप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया।



सदर अस्पाताल के सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सर्जरी के बाद मरीज का हीमोग्लोबिन बढ़कर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया। लेकिन सर्जरी के बाद मरीज के स्वास्थ्य में सुधार होने पर मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सिविल सर्जन ने बताया गया कि सुलोचना देवी लंबे समय से पेट दर्द, भारीपन एवं कमजोरी से परेशान थीं। उनके पति मृत्युञ्जय महतो एक छोटे किसान हैं।
परिजनों के अनुसार मरीज ने कई स्थानों पर इलाज कराया, जहां कुछ अस्पतालों में खून की बीमारी और कैंसर की आशंका भी जताई गई थी। सदर अस्पताल के सर्जरी विभाग में जांच के दौरान पाया गया कि मरीज के शरीर में खून की अत्यधिक कमी थी। उनका हीमोग्लोबिन स्तर करीब 5 ग्राम प्रति डेसीलीटर तक पहुंच गया था। बार-बार रक्त चढ़ाने के बाद भी हीमोग्लोबिन का स्तर घट जाता था। जांच में तिल्ली का आकार असामान्य रूप से बढ़ा हुआ पाया गया। एमआरआई रिपोर्ट में तिल्ली का आकार 26×16 सेंटीमीटर दर्ज किया गया। ऑपरेशन टीम को सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार एवं उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह ने बधाई देते हुए मरीज के स्वस्थ भविष्य की कामना की।

