
रांची। भाजपा झारखंड प्रदेश के मीडिया प्रभारियों, प्रवक्ताओं एवं सोशल मीडिया प्रभारियों की बैठक गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुयी। बैठक में संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने, मीडिया समन्वय को मजबूत बनाने और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी द्वारा सभी पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और यह संगठन हित में कार्य करने का एक बड़ा अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं से पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।



साहू ने कहा कि भाजपा में पद किसी प्रतिष्ठा का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का विषय है। संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और कार्यशैली पर सतत नजर रखता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले कार्यकतार्ओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हमेशा खुले रहते हैं। भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां एक बूथ अध्यक्ष भी अपनी कार्यक्षमता और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष अथवा राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया, प्रवक्ता और सोशल मीडिया विभाग संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को समाज तक पहुंचाने के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए इन विभागों से जुड़े सभी पदाधिकारियों को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करना चाहिए। साथ ही मीडिया विभाग में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क और संवाद का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में मीडिया, प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रभारियों को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित होने वाली खबरों पर लगातार नजर रखें तथा समसामयिक विषयों की अद्यतन जानकारी से स्वयं को लैस रखें। कर्मवीर सिंह ने वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर लक्ष्य आधारित और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध रणनीति और सक्रिय संवाद के माध्यम से पार्टी अपनी पहुंच को और अधिक व्यापक बना सकती है।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने किया। बैठक में प्रवक्ता अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज, अशोक बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

