
रांची। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) रांची के कार्यालय पर हुए बम हमले के मामले में गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कल ही हमने इस घटना के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई थी और आज की जांच में वह आशंका सही साबित होती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तथ्यों से स्पष्ट है कि यह किसी एक व्यक्ति की करतूत नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और व्यापक अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र का हिस्सा प्रतीत होता है। जिसका उद्देश्य रांची और झारखंड की शांति एवं सौहार्द को भंग करना तथा संघ जैसे राष्ट्रभक्ति के संगठन को नुकसान पहुंचाना था। ईश्वर की कृपा से राष्ट्रविरोधी ताकतें अपने इस षड्यंत्र में सफल नहीं हो सकी।सेठ ने कहा कि इस पूरे मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि इस षड्यंत्र से जुड़े सभी कनेक्शन, इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क और साजिशकर्ताओं की पहचान हो सके तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल संघ कार्यालय पर नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना, देश के करोड़ों स्वयंसेवकों और नागरिकों की भावनाओं पर हमला है। ऐसे कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते और इनके दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।संजय सेठ ने राज्य प्रशासन से मांग की कि संघ कार्यालय की सुरक्षा तत्काल और स्थायी रूप से सुदृढ़ की जाए, वहां स्थायी पुलिस पिकेट की स्थापना की जाए तथा इस घटना में शामिल असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जांच एजेंसियां शीघ्र ही पूरे षड्यंत्र का पदार्फाश करेंगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।




