
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले का प्रसिद्ध जर्दालू आम अपनी मिठास, सुगंध और विशेष गुणवत्ता के कारण देश-विदेश में लगातार लोकप्रिय हो रहा है। भौगोलिक संकेतक (जीआई ) टैग मिलने के बाद इस आम की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। जर्दालू आम को बिहार की कृषि विरासत और भागलपुर की विशेष पहचान मानी जाती है। गर्मियों के मौसम में बाजारों में इसकी मांग काफी बढ़ जाती है और लोग इसकी मिठास के आनंद के लिए विशेष रूप से इंतजार करते हैं।कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जर्दालू आम अपनी अनोखी खुशबू, पतले छिलके और रेशारहित गूदे के कारण अन्य किस्मों से अलग माना जाता है। पकने के बाद इसकी सुगंध दूर तक फैल जाती है, जिससे इसकी पहचान आसानी से हो जाती है। इसका रंग हल्का पीला और स्वाद बेहद मीठा तथा सुपाच्य होता है। यही कारण है कि देश के कई बड़े शहरों के अलावा विदेशों में भी इसकी मांग बनी रहती है।




