
पटना। नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद उनके आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास से शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही 1 अणे मार्ग स्थित सीएम आवास खाली कर 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट हो सकते हैं।सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले ही उनके सामान को नए आवास में भेजा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 14 अप्रैल को वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की संभावना भी जताई जा रही है।बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में नीतीश कुमार ने 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास का निरीक्षण भी किया था। अब वहां उनका नेम प्लेट भी लगा दिया गया है।यह पहली बार नहीं है जब वे इस आवास में रहेंगे। इससे पहले 2014 में भी जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था और सत्ता जीतन राम मांझी को सौंपी थी, तब वे इसी बंगले में रहे थे। बाद में उन्होंने फिर से सत्ता संभाली थी।7 सर्कुलर रोड स्थित यह आवास पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के पास ही है। ऐसे में शिफ्टिंग के बाद वे लालू प्रसाद यादव के पड़ोसी बन जाएंगे।यह आवास आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें 6 वीआईपी बेडरूम, 2 बड़े ड्राइंग रूम, एक विशाल सभागार और परिसर में एक छोटा तालाब भी शामिल है।कुल मिलाकर, नीतीश कुमार के इस संभावित शिफ्ट के साथ बिहार की राजनीति में नए बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।




