
रांची। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में आनेवाले दिनों में अधिकतम तापमान में 05 से 07 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी। विभाग के अनुसार आनेवाले दिनों में राज्य भर में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। इस वजह से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी।



उल्लेखनीय है कि पिछले 10 दिनों से राज्य में गर्जन, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 03 से 09 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रांची में भी तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश 34.7 डिग्री सरायकेला में और सबसे कम तापमान 14.2 डिग्री गुमला में रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। इससे दोपहर में धूप में तपिश महसूस की गई। हालांकि शाम होते ही पिछले दिनों हुई बारिश के कारण ठंड का एहसास हुआ।
वहीं,शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.3 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 19.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 17.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

