
रांची,। झारखंड सहित देश के कई राज्यों की अदालतों और कई सरकारी कार्यालयों पर बम से हमले की धमकी देने वाले श्रीनिवास लुइस से रांची पुलिस भी पूछताछ करेगी। श्रीनिवास लुइस को लेकर रांची में तीन एफआईआर दर्ज हुई है।



पिछले छह महीने से देशभर की कई अदालतों में बम धमाके करने की धमकी देकर सनसनी फैलाने वाले श्रीनिवास लुइस गिरफ्तार हो चुका है। गिरफ्तार होने से पहले झारखंड सहित देशभर में लुइस के खिलाफ 100 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके थे। ऐसे में अब लुइस से हर राज्य की पुलिस भी पूछताछ करने की तैयारी में है।
राजधानी रांची सहित झारखंड के कई शहरों में भी लुइस के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। फिलहाल लुइस दिल्ली पुलिस की कस्टडी में है। अब रांची पुलिस ने दिल्ली पुलिस से सम्पर्क किया है ताकि रांची के कोतवाली और सुखदेवनगर थाने में दर्ज तीन मामलों में उससे पूछताछ की जा सके।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रांची सिविल कोर्ट, डीसी बिल्डिंग और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिये दी गई थी। इस मामले में रांची पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क स्थापित किया है ताकि गिरफ्तार लुइस से रांची में दर्ज मामलों को लेकर पूछताछ की जा सके। जैसे ही हमें इजाजत मिलेगी, हम लुइस को रिमांड पर रांची लाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पुलिस के अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि झारखंड के विभिन्न शहरों में कोर्ट और कुछ सरकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भी लुइस के द्वारा ही दी गई थी। लुइस को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया था।
दिल्ली पुलिस और दिल्ली साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपित की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया है। लुइस ने पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया है कि झारखंड के विभिन्न शहरों में उसी ने ईमेल के जरिए बम विस्फोट करने की धमकी दी थी। आरोपित श्रीनिवास मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है। वह अविवाहित है और वृंदावन लेआउट इलाके में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहता है। उसने पोस्ट ग्रेजुएशन की है, लेकिन फिलहाल वह बेरोजगार है।

