
खूंटी । जिले के मुरहू में दो समुदायों के बीच शनिवार को जमकर पत्थरबाजी हुई। पत्थरबाजी की घटना में मुरहू थाना प्रभारी नोयेएल गोडविन केरकेट्टा सहित कई पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हो गए। शुक्रवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार को पथराव की घटना के बाद दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। शनिवार को दिनभर क्षेत्र में माहौल गरम रहा। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।



घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम दीपेश कुमारी, एसडीपीओ वरुण रजक, हेडक्वार्टर डीएसपी अखिल कुजूर, डीसीएलआर अरविंद ओझा, मुरहू बीडीओ रंजीत सिंह, तोरपा बीडीओ नवीन झा, मुरहू सीओ शंकर कुमार विद्यार्थी, रनिया बीडीओ प्रशांत डांग, तपकरा, सायको, मरांगहादा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
रामनवमी समिति के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवार की शाम में शांतिपूर्ण ढंग से शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान मस्जिद गली में अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसमें थाना प्रभारी सहित अन्य लोग घायल हो गए। घटना के विरोध में शनिवार को लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पूरे मुरहू में बंद का आह्वान किया।
दूसरे दिन भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा और सुबह फिर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान गोली चलने की भी सूचना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को निलंबित करने और गोली चलाने वाले आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष विनोद जायसवाल, प्रियांक भगत , मुकेश जायसवाल की गाड़ी पर भी हमला किया गया, जिसमें उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और वे घायल हो गए। पूरे मुरहू को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

