
रांची। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (एसएनएमएमसीएच) में एमबीबीएस और पीजी सीटों में बढ़ोतरी की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं के विस्तार हेतु केंद्र सरकार को 881.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव को भेजी गई है। प्रस्ताव में एमजीएम के लिए 386.47 करोड़ रुपये और एसएनएमएमसीएच के लिए 495.03 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। यह योजना केंद्र प्रायोजित स्कीम के तहत भेजी गई है।योजना के अनुसार, एमजीएम में एमबीबीएस सीटें 150 से बढ़ाकर 250 और एसएनएमएमसीएच में 100 से बढ़ाकर 250 की जाएंगी। वहीं, दोनों संस्थानों में पीजी सीटों को भी क्रमशः 49 और 20 से बढ़ाकर 200-200 करने का लक्ष्य रखा गया है।डीपीआर तैयार करते समय मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर, अस्पतालों में मरीजों का भार, संभावित शैक्षणिक विस्तार और नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों को ध्यान में रखा गया है।राज्य सरकार का कहना है कि यह पहल मेडिकल शिक्षा की क्षमता बढ़ाने और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एमजीएम में क्लीनिकल क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य योजना से लगभग 954.75 करोड़ रुपये की लागत से दो 500-बेड के अस्पताल स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से एक चालू है, जबकि दूसरा निर्माणाधीन है।वहीं, एसएनएमएमसीएच, धनबाद के लिए करीब 900 करोड़ रुपये का बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास प्लान प्रस्तावित है। इसे केंद्र प्रायोजित योजना, राज्य योजना और डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के फंड से पूरा किया जाएगा।डीपीआर में नए शैक्षणिक भवन, अस्पताल सुविधाओं का विस्तार, छात्रावास और आवास निर्माण, बिजली-पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद शामिल है। राज्य सरकार ने केंद्र से प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया है।




