
रांची। रांची समेत 17 जिलों में 16 मार्च को तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शनिवार को दी। मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है उनमें गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।



मौसम विभाग ने बताया कि 18 मार्च तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और हल्की बारिश के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है।पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप रही। दोपहर के समय लोगों को काफी गर्मी का सामना करना पड़ा। शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 39.2 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39.0 और न्यूनतम 17.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.1 और न्यूनतम 17.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

