
कोडरमा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के चंदवारा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नकली शराब से जुड़े एक मामले में कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में राहत दिलाने के नाम पर सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम द्वारा बड़ी रकम की मांग की जा रही थी। मामले की जानकारी विधायक जयराम महतो तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय निवासी प्रेम नायक को इस पर नजर रखने को कहा।
बताया जाता है कि चंदवारा निवासी प्रेम चंद्र नायक ने आरोपितों की ओर से मुकदमा लड़ने के लिए पावर लिया और इस बीच दरोगा द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत हजारीबाग एसीबी से कर दी। शिकायत में कहा गया कि सब-इंस्पेक्टर मामले को रफा-दफा करने या राहत देने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बाद में बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को तय योजना के तहत जैसे ही प्रेम चंद्र नायक ने चंदवारा थाना परिसर में सब-इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपित दरोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।




