
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर तेज गिरावट का शिकार हो गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,565 अंक से अधिक और निफ्टी 464 अंक से अधिक टूट गए। आज शेयर बाजार ने सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरूआत हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में पूरे दिन मंदड़ियों का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.72 प्रतिशत और निफ्टी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।



आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग, आॅटोमोबाइल, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में आज जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी, कैपिटल गुड्स, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आॅयल एंड गैस और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 441.76 लाख करोड़ रुपये हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 447.04 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.28 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,414 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,881 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,380 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 153 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,937 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,197 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,740 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर बढ़त के साथ और 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 32.93 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,238.91 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरूआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक 118.39 अंक की तेजी के साथ 78,324.37 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया।

