
रांची। पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित लाइसेंसी शराब की कम्पोजिट दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में देव सिंह मुंडा, गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव और भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।



ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि तीन मार्च 2026 की रात करीब 9.30 बजे सूचना मिली थी कि गेतलसूद बाजार में स्थित शराब दुकान पर तीन अपराधी फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक अनुज उरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह मार्च की सुबह जोन्हा स्थित एक मुर्गी पोल्ट्री फार्म के पास छापेमारी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि तीन मार्च को वे तीनों गेतलसूद की शराब दुकान पर पहुंचे थे और वहां के कर्मचारियों से शराब की बोतल मांगने लगे। कर्मचारियों की ओर से शराब देने से इनकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी। इस दौरान दुकान के कर्मचारी काउंटर के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का पहले से भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
छापेमारी में थाना प्रभारी टाटीसिल्वे हंसे उरांव, अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, थाना प्रभारी सिकिदिरी सचिन मिश्रा, मुरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार मेहता, वरूण कुमार, सचिन लकड़ा, बलेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

