
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में लूट की एक बड़ी वारदात हुई है। घटना चौपारण थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है कि यहां एक जुलरी शॉप से करीब 20 लाख रुपयों के सोने-चांदी के गहनों की लूट हुई है। पांच से छह हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर लूट को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ज्वेलर का बयान दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी भी खंगाल रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत है।



मिली जानकारी के मुताबिक, हजारीबाग जिले के महुदी मोड़ स्थित एक सुनार की दुकान है। बताया जाता है कि देर रात हथियारबंद बदमाश दुकान पर पहुंचे और शटर का ताला तोड़ दिया। ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुए बदमाशों ने दुकान में लगी सीसीसीवी कैमरा तोड़ दिया। इसके बाद कटर मशीन से तिजोरी को काटा और उसमें रखे सोने-चांदी के गहनों को अपने थैले में भर लिया। साथ की कुछ कैश जो गल्ले में छोड़ा गया था, उसे भी उठा लिया।
बताया जा रहा है कि जिस समय बदमाश दुकान के अंदर लूटपाट कर भाग रहे थे, उसी समय एक महिला उठ गई। महिला ने बदमाशों को दुकान के अंदर से भागता देखा तो चोर-चोर का शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। ये देख बदमाशों ने महिला को भी अपनी ढाल बना लिया। बदमाशों ने महिला की कनपटी पर पिस्टल लगाई और रास्ता बनाते हुए भाग निकले।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। जानकार पाते ही डीएसपी और चौपारण थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। साथ ही जगह-जगह तलाशी अभियान चला रही है।

