
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किये हैं। पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल को पांच जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। राष्ट्रपति 26 फरवरी को महाराष्ट्र के नागपुर से भारतीय वायु सेना के विमान से रांची पहुंचेंगी और वहां से एमआई-17 हेलीकॉप्टर से 45 मिनट में जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट जायेंगी।



शहर के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे रांची लौटकर जैसलमेर के लिए रवाना होंगी। कदमा मरीन ड्राइव स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट के भूमि पूजन और बारीडीह के मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि होंगी। राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी उपस्थित रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में 4 हजार पुलिसकर्मी और 125 दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।
इधर, राष्ट्रपति के कारकेड की सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्रामीण आरक्षी अधीक्षक ऋषभ गर्ग को सौंपी गई है। खुफिया विभाग के अधिकारियों की टीम भी उनके साथ रहेगी। कारकेड में लगभग 26 वाहन शामिल होंगे।
एडीजी मनोज कौशिक ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गयी है।
कार्यक्रम मिनट टू मिनट : रांची से सोनारी एयरपोर्ट पर आगमन: 12.00 बजे सोनारी एयरपोर्ट से प्रस्थान : 12.10 बजे, कदमा कार्यक्रम स्थल पर आगमन 12.20 बजे कदमा कार्यक्रम स्थल से रवानी: 2.30 बजे, टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज परिसर में आगमन: 2.50 बजे टाटा मणिपाल मेडिकल कालेज से प्रस्थान: 3.20 बजे, सोनारी एयरपोर्ट पर आगमन: 3.40 बजे सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए प्रस्थान: 3.50 बजे।
ट्रैफिक में बदलाव : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 26 फरवरी को प्रस्तावित रांची आगमन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सुबह 09:00 से शाम 07:00 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं भारी वाहनों को रिंग रोड से होकर चलने की अनुमति दी जायेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार निर्धारित समय के दौरान शहर में सभी बड़े और छोटे मालवाहक वाहन, बस और अन्य सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। रातू और काठीटांड की ओर जानेवाले वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर कांके की ओर से रिंग रोड होते हुए आवागमन करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें।
हिनू चौक, बिरसा चौक, एचइसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआइ मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास से लोक भवन तक मार्ग पर सुबह 09:00 से शाम 07:00 बजे के बीच आवश्यकता अनुसार सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन रोका जा सकता है। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन सेवाओं को छूट रहेगी। नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड के बीच बड़े वाहनों और बसों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आनेवाले वाहन रिंग रोड से दाहिने टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। रांची से जमशेदपुर जानेवाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड के रास्ते गंतव्य तक जायेंगे। खरसीदाग ओपी और सदाबहार चौक के बीच बड़े वाहनों और बसों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

