
रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2026.27 के लिए 1.58 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया जिसमें गरीबों, महिलाओं और अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए सामाजिक क्षेत्र में 67,460 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वित्त मंत्री ने सदन में 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट रखते हुए कहा कि यह बजट झारखंड के लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएगा और गरीबों के आंसू पोंछेगा। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। वित्त मंत्री ने कहा कि मैं 2026-27 के लिए 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट रखता हूं। यह मौजूदा वित्त वर्ष के मुकाबले 9 फीसदी अधिक है। ‘अबुआ दिशोम’ (हमारा अपना) बजट झारखंड के लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाएगा और गरीबों के आंसू पोंछेगा। बजट में तय कुल रकम को सेक्टर के हिसाब से देखें तो सामान्य सेक्टर के लिए 32,055.83 करोड़, सोशल सेक्टर के लिए 67,459.54 करोड़ और इकोनॉमिक सेक्टर के लिए 59,044.63 करोड़ रुपये दिए गए हैं।



झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मईयां सम्मान योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता देने के लिए 14,066 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
महिला खुशहाली योजना का ऐलान : वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के लिए ‘महिला खुशहाली योजना’ शुरू की जा रही है। हमने इसके लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। वहीं अगले वित्त वर्ष में 100 नए ‘सीएम स्कूल आॅफ एक्सीलेंस’ भी खोले जाएंगे।
महिला, बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा के लिए 22,995.69 करोड़ : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि सरकार ने महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के लिए 22,995.69 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
एक साल में बनेंगे 4.44 लाख अबुआ आवास : वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य के 4,44,257 लोगों का अगले वित्तीय वर्ष में अबुआ आवास निर्माण कराया जाएगा। इसमें लाभार्थियों को पांच किस्त में दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
खुलेंगे 750 अबुआ दवाखाना : वित्त मंत्री ने कहा कि झारखंड में हेल्थ सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 7,990.3 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। सरकार ने लोगों को सस्ती और अच्छी दवाइयां देने के लिए राज्य में 750 अबुआ दवाखाना (हमारे क्लीनिक) खोलने का लक्ष्य रखा है।
कैंसर की रोकथाम के लिए 200 करोड़ : वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में झारखंड में कैंसर का फैलाव तेजी से बढ़ा है। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामले भी काफी बढ़े हैं। ब्रेस्ट कैंसर का शुरूआती स्टेज में पता लगाने के लिए राज्य के सभी 24 जिला हेडक्वार्टर अस्पतालों में मैमोग्राफी मशीनें लगाई जाएंगी। कैंसर बीमारी की रोकथाम के लिए 200 करोड़ रुपये की रकम तय की जाएगी।
चतरा में भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय खुलेगा: वित्त मंत्री ने कहा कि हायर और टेक्निकल एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए चतरा जिला मुख्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी और जॉब पाने में मददगार कॉलेज खोले जाएंगे। पहले फेज में सात जिलों में 12 कॉलेज बनाए जाएंगे।
खुलेंगे 100 नए सीएम स्कूल आॅफ एक्सीलेंस : वित्त मंत्री ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में 100 नए उट स्कूल आॅफ एक्सीलेंस भी खोले जाएंगे।

