
मेरठ/लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांंग्रेस जहरीली और देश विरोधी राजनीति कर रही है। कांग्रेस अब देश पर बोझ बन चुकी है। नई दिल्ली में एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े उतार कर प्रदर्शन करने की घटना को शर्मनाक बताते हुए मोदी ने कहा कि मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी।



रविवार को मेरठ में मेट्रो रेल और दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित एआई समिट की चर्चा करते हुए कहा कि दुनिया के इस सबसे बडे़ समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और लाखों लोग आए। प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में मेरठ के लोगों से पूछा कि एआई समिट से गर्व हुआ है या नहीं, सीना चौड़ा हुआ है, युवाओं का भाग्य बदलने के लिए यह आयोजन हुआ है। इस पर सभा में मोदी -मोदी के नारे लगने लगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से पूरा देश गर्व से भर गया लेकिन कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने नेताओं ने समिट में जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया और कितनी दरिद्र हो गई है। कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांव में शादी होती है तो पूरा गांव जुटा जाता है लेकिन कांग्रेस को अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मोदी से नफरत है, मेरी कब्र खोदना चाहती है, मेरी मां को भी गाली देने में परहेज नहीं करती, कांग्रेस को भाजपा व एनडीए से विरोध है, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि एआई समिट भाजपा का आयोजन नहीं था और न ही वहां भाजपा का नेता था। यह देश के लोगों का कार्यक्रम था, लेकिन कांग्रेस ने सारी मयार्दाएं तोड़ी और अब देशभर में कांग्रेस की थू थू हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस के नेता बेशर्मी के साथ देश का अपमान करने वालों की जय जयकार कर रहे हैं और मीडिया इस घटनाक्रम में पूरे विपक्ष का नाम लेता है जबकि कांग्रेस के नंगेपन में टीएमसी, बीएसपी नहीं थे सिर्फ कांग्रेस थी। यह कांग्रेस की यह हरकतें लगातार हो रही हैं। लोकसभा नहीं चलने दे रहे हैं और माताओं- बहनों को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने भेजते हैं। अगर प्रधानमंत्री बनना है तो लोगों का दिल जीतिए। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करके नहीं बन पाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब देश पर बोझ बन चुकी है।

