
रांची। सुप्रीम कोर्ट में जमीन घोटाला मामले में आरोपी आटोमोबाइल कारोबारी बिनय कुमार सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बिनय सिंह को दो मामलों में नियमित जमानत प्रदान की है, जबकि उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को तीन मामलों में किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है।



इस दौरान अदालत ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ दो नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो गंभीर विचार का विषय है।
बता दें कि हजारीबाग वन भूमि घोटाला मामले में कारोबारी बिनय कुमार सिंह के खिलाफ हजारीबाग एसीबी ने मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि बिनय कुमार सिंह ने हजारीबाग में 28 डिसमिल गैर मजरुआ खास जंगल झाड़ की सरकारी जमीन की खरीद की थी।
इसके बाद सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से उक्त जमीन का गलत तरीके से म्यूटेशन भी करा लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। इसके अलावा बिनय सिंह के खिलाफ हजारीबाग में जमीन घोटाले से जुड़ा एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया है।

