
रांची। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्ववाला एनडीए के साथ आ जाएं। फिर राज्य को पैसों की कमी नहीं होगी। उन्होंने मंगलवार को रांची के धुर्वा में आयोजित अपनी पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह झारखंड के आदिवासियों का कल्याण चाहते हैं तो राहुल गांधी को छोड़कर नरेन्द्र मोदी के साथ आ जाएं। कांग्रेस के साथ रहने से झारखंड का भला नहीं होगा।



उन्होंने कहा कि वैसे तो केंद्र सरकार सभी राज्यों को समान रूप से देखती है, लेकिन उनका (अठावले) जनजातीय बहुल राज्य होने के कारण झारखंड से विशेष लगाव है। अगर राज्य का विकास करना है तो उन्हें एक दिन निर्णय लेना ही होगा। उन्होंने दिशोम गुरू शिबू सोरेन की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान के कारण झारखंड राज्य अलग हुआ।
इससे पहले, मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक के क्रम में अठावले ने राज्य सरकार से सभी जिलों में ओल्ड एज होम के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा है। उन्होंने राज्य में नशामुक्त भारत अभियान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनके सम्मानजनक जीवन के लिए हर जिले में ऐसी सुविधाएं आवश्यक हैं। उन्होंने केंद्रीय योजनाओं में दी गई राशि के समय पर उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। केंद्र से राशि नहीं मिलने पर राज्य में लंबे समय से ओबीसी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मंत्रालय के संबंधित पदाधिकारी से बात की है। शीघ्र ही राज्य सरकार को राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने मैथन डैम में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की विशाल प्रतिमा बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसे लेकर उनकी केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय और डीवीसी से बात हुई है।

