
जमशेदपुर। विधायक सरयू राय ने रविवार को आदित्यपुर में आयोजित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए क्षत्रिय समाज की गौरवशाली विरासत, साझा सांस्कृतिक चेतना और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखे।
आदित्यपुर में झारखंड क्षत्रिय संघ के तत्वावधान में आयोजित परिवार मिलन समारोह को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास अतुलनीय रहा है। धर्म, समाज, देश और संस्कृति की रक्षा के लिए किए गए क्षत्रियों के संघर्ष और त्याग के गौरवशाली अध्याय आज भी प्रेरणा देते हैं।



उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के लोग अपने अतीत से जुड़ते हैं और उसी के आधार पर वर्तमान व भविष्य के लिए अपनी भूमिका तय कर पाते हैं। अपनी परंपराओं, विरासत और इतिहास को स्मरण करना आत्मबल को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि चाहे भविष्य में समाज और व्यवस्था का स्वरूप कुछ भी हो, क्षत्रिय समाज की विरासत सदैव गर्व का विषय बनी रहेगी।
विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में दिखाई देने वाले संघर्ष और प्रतिस्पर्धा की तुलना क्षत्रिय समाज के उस त्याग और पराक्रम से नहीं की जा सकती, जिसने इतिहास को दिशा दी। कई बार शासक वर्ग अपने प्रचार के साधन जुटाता है, लेकिन इतिहास में ऐसे भी उदाहरण हैं, जहां समाज ने अपने महापुरुषों के योगदान को स्वयं सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया है।

