
पटना। राजद नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पटना में पार्टी के संसदीय दल की समीक्षा बैठक की। इसमें पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति तय की गई। यह बैठक करीब 3 घंटे चली। आरजेडी सांसदों ने इस बैठक में बिहार विधानसभा के बजट सत्र के लिए पार्टी की तैयारी और संसद में पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।



बैठक पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने संकेतों में तेजस्वी यादव पर तीखा तंज किया। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव के साथ रहने वाले नेताओं की तुलाना गिद्धों से की। रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि समीक्षा का दिखावा करने से ज्यादा जरूरी खुद आत्ममंथन करने और जिम्मेदारी लेने की है। अपने इर्दगिर्द कब्जा जमाए बैठे चिन्हित गिद्धों को ठिकाने लगाने का साहस दिखाने के बाद ही किसी भी प्रकार की समीक्षा की सार्थकता साबित होगी। बाकी तो ये जो पब्लिक है न, वो सब जानती, समझती ही है।”
बैठक के बाद सांसद सुधाकर सिंह ने बताया कि बिहार विधानसभा के बजट सत्र और संसद में पार्टी की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आरजेडी लोकसभा में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को जोरशोर से उठाएगी। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के लिए भी पार्टी ने अपनी योजना तैयार कर ली है। इस बैठक में यह भी फैसला लिया गया है कि बजट सत्र समाप्त होने के बाद तेजस्वी यादव बिहार में एक बड़ी यात्रा निकालेंगे। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के कारणों पर विचार किया गया। चुनाव में हार के कारणों को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तेजस्वी यादव को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर पार्टी के संगठन में बदलाव किया जाएगा और भविष्य के लिए रणनीति निर्धारित की जाएगी। पार्टी अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकतार्ओं को अगली चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।

