
रांची। निलंबित आइएएस अधिकारी विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता द्वारा खरीदी गई एक व्यवसायिक संपत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच में सामने आया है कि स्वप्ना संचिता ने वर्ष 2019 में रांची के फिरायालाल कंपाउंड स्थित एक व्यवसायिक भवन मात्र 26 लाख रुपये में खरीदा।



जबकि इस संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह संपत्ति जतिन सहाय नामक व्यक्ति से खरीदी गई है, जो 5.33 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के मामले में सीबीआइ द्वारा आरोपित है।
जालसाजी की शिकायत बैंक आफ इंडिया ने की थी, जिसके आधार पर सीबीआइ ने जांच करते हुए जतिन सहाय समेत 10 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। आरोपितों में बैंक अधिकारी समेत अन्य लोग भी शामिल हैं।
जांच में मिले तथ्यों के अनुसार व्यवसायिक भवन की रजिस्ट्री में संपत्ति का मूल्य सर्कल रेट से काफी कम दशार्या गया है। रजिस्ट्री के दौरान महज 95 हजार रुपये स्टांप ड्यूटी के रूप में भुगतान किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि बैंक घोटाले में आरोपित जतिन सहाय और नेक्सजेन के मालिक विनय कुमार सिंह के बीच व्यावसायिक संबंध रहे हैं। दोनों ही फ्लोरेंस हेल्थकेयर नामक कंपनी में निदेशक रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त विनय सिंह का संबंध कई अन्य कंपनियों से भी है।

