
पटना। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को कहा कि एसटीईटी का रिजल्ट आने के बाद बीपीएससी टीआरई-4 की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी जिलों से शिक्षकों के रिक्त पदों का ब्योरा मांगा गया है। जनवरी के बाद शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। उसके बाद ही विद्यालयों में लाइब्रेरियन की नियुक्ति शुरू होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में नौकरी और रोजगार परक शिक्षा की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सके।



इसके साथ ही, राज्य के दिव्यांग बच्चों को बेहर शिक्षा व्यवस्था कराने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। दिव्यांग बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए भी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 2026 तक इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।प्राथमिक, मध्य विद्यालय व प्लस टू स्तर के करीब 27,000 सीटों के लिए इस चरण में बहाली की जाएगी। इसके लिए सभी जिलों से रिक्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद रोस्टर तैयार किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होते ही बीपीएससी की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
सरकारी स्कूलों के बच्चे भी सीखेंगे कंप्यूटर : वहीं दूसरी ओर राज्य के सभी सरकारी प्रारंभिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को सरकार लागू करने जा रही है। अब हर स्कूली बच्चे कंप्यूटर सीखेंगे और कंप्यूटर शिक्षा ग्रहण करेंगे। इसके लिए सरकार द्वारा अब सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर लैब और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

